न्यूज़ डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 26 नवंबर को मणिपुर का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह जातीय हिंसा से प्रभावित परिवारों और विस्थापित लोगों से मुलाकात कर सकते हैं।
प्रस्तावित एक दिवसीय दौरे के दौरान राहुल गांधी के पहले इंफाल पहुंचने और फिर चुराचांदपुर जाने की संभावना है। वह हिंसा में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों और राहत शिविरों में रह रहे लोगों से बातचीत कर सकते हैं।
इसके अलावा, राज्य के स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
तीन साल बाद भी हजारों लोग विस्थापित
मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच 3 मई 2023 को जातीय हिंसा शुरू हुई थी। इस संघर्ष के कारण बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े।
राज्य विधानसभा में पेश आंकड़ों के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 तक हिंसा में 306 लोगों की मौत हुई थी और 49 लोग लापता थे।
राज्य सरकार के अनुसार, संघर्ष के दौरान करीब 60 हजार लोग विस्थापित हुए थे। इनमें से लगभग 36 हजार लोगों का पुनर्वास किया गया है, जबकि 24 हजार लोग अब भी राहत शिविरों में रह रहे हैं।
पहले भी मणिपुर जा चुके हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी ने जून 2023 में पहली बार मणिपुर का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी।
जुलाई 2024 में उन्होंने जिरीबाम, चुराचांदपुर और मोइरांग के राहत शिविरों का भी दौरा किया था।
हालांकि, 26 नवंबर का दौरा फिलहाल संभावित कार्यक्रम के रूप में सामने आया है।