नई दिल्ली, 9 नवंबर: कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को राहत देते हुए देश में आज से 1,364 कैंसर संबंधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) लागू हो गई है। केंद्र सरकार के इस कदम से 679 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं के व्यापारिक मुनाफे की सीमा तय की थी। इसके बाद नई कीमतें लागू की गई हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर तक 85 दवा निर्माण कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 उत्पादों की संशोधित कीमतें जमा की थीं। इनमें 679 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती हुई है, जबकि सबसे अधिक कमी 96.45 प्रतिशत तक दर्ज की गई है।
केंद्र सरकार का अनुमान है कि इस कदम से देश के उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।
मूल्य नियंत्रण के दायरे में इम्यूनोथेरेपी, स्तन और प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाओं के साथ अन्य कैंसर संबंधी दवाएं भी शामिल हैं।
लोग दवाओं के पैकेट पर दर्ज संशोधित एमआरपी देखकर कीमत की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप और एनपीपीए की वेबसाइट पर भी कीमत की जानकारी उपलब्ध है। किसी दवा दुकान या अस्पताल की फार्मेसी को तय नई कीमत से अधिक पर दवा बेचने की अनुमति नहीं है।
हालांकि, सभी कैंसर दवाओं की कीमतों में एक जैसी कमी नहीं हुई है। नई कीमतें केवल उन दवाओं पर लागू हैं, जिन्हें सरकार की ओर से तय 137 दवाओं की व्यापारिक मुनाफा सीमा और संशोधित मूल्य सूची में शामिल किया गया है।