नई दिल्ली, 10 नवंबर: देश में 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों की बेरोजगारी दर जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में घटकर 5.1 प्रतिशत रह गई। अप्रैल-जून तिमाही में यह दर 5.4 प्रतिशत थी।

केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) की तिमाही रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बेरोजगारी दर में कमी मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार के कारण आई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर अप्रैल-जून तिमाही के 4.8 प्रतिशत से घटकर 4.3 प्रतिशत हो गई। वहीं, शहरी क्षेत्रों में यह दर 6.7 प्रतिशत से मामूली बढ़कर 6.8 प्रतिशत हो गई।

15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों की श्रम बल भागीदारी दर 54.6 प्रतिशत से बढ़कर 55.5 प्रतिशत हो गई। यानी काम करने वाले या रोजगार की तलाश कर रहे लोगों का अनुपात बढ़ा है। इस दौरान कामकाजी आबादी अनुपात 51.7 प्रतिशत से बढ़कर 52.7 प्रतिशत हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में यह अनुपात 54.2 प्रतिशत से बढ़कर 55.6 प्रतिशत हुआ, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह लगभग स्थिर रहते हुए 46.9 प्रतिशत रहा।

महिलाओं में भी श्रम बल में भागीदारी बढ़ी है। काम कर रही या रोजगार तलाश रही महिलाओं का अनुपात 33.2 प्रतिशत से बढ़कर 34.7 प्रतिशत हो गया। कामकाजी महिलाओं का अनुपात 31.3 प्रतिशत से बढ़कर 32.8 प्रतिशत दर्ज किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि क्षेत्र में काम करने वालों की हिस्सेदारी 52.9 प्रतिशत से बढ़कर 56.7 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण इलाकों में स्वरोजगार करने वालों का अनुपात 61.4 प्रतिशत से बढ़कर 62.7 प्रतिशत हो गया। शहरी क्षेत्रों में नियमित वेतन वाली नौकरियों की हिस्सेदारी मामूली बढ़कर 49.6 प्रतिशत हो गई।

मंत्रालय के अनुमान के अनुसार, जुलाई-सितंबर तिमाही में देश में 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के औसतन करीब 57.9 करोड़ लोग कार्यरत थे। इनमें 40.5 करोड़ पुरुष और 17.4 करोड़ महिलाएं शामिल थीं।