दरंग, 11 नवंबर: दरंग जिले के खारुपेटिया में जरूरी योग्यता के बिना रेडियोलॉजिस्ट के रूप में चिकित्सा सेवाएं देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में डायग्नोस्टिक सेंटर के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार लोगों की पहचान आताउर रहमान और मोइनुद्दीन अहमद के रूप में हुई है। आताउर रहमान मोल्लापारा गांव के निवासी हैं, जबकि डायग्नोस्टिक सेंटर के मालिक मोइनुद्दीन अहमद कुवारी पुखुरी गांव के रहने वाले हैं।
आताउर रहमान खारुपेटिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित असम डायग्नोस्टिक सेंटर में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने बांग्लादेश से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। उन पर जरूरी योग्यता और मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र के बिना रेडियोलॉजिस्ट के रूप में काम करने तथा लंबे समय से मरीजों की जांच रिपोर्ट पर रेडियोलॉजिस्ट के तौर पर हस्ताक्षर करने का आरोप है।
असम मेडिकल काउंसिल की शिकायत के आधार पर खारुपेटिया पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। प्री-कन्सेप्शन एंड प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स (पीसी-पीएनडीटी) अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में असम मेडिकल काउंसिल के एंटी-क्वैकरी एंड विजिलेंस ऑफिसर के निर्देश पर सेंटर को बंद कर सील कर दिया गया है।
डायग्नोस्टिक सेंटर के बाहर लगे बोर्ड पर डॉ. अर्जुन शर्मा और डॉ. अभिनव भट्टाचार्य के नाम दर्ज थे। बोर्ड पर डॉ. भट्टाचार्य की योग्यता के रूप में स्त्री रोग एवं प्रसूति विज्ञान में एमएस डिग्री का उल्लेख था। मामले की आगे जांच जारी है।