असम के विभिन्न इलाकों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से भारी नुकसान हुआ है। अलग-अलग घटनाओं में 2 युवकों समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है।

गोवालपाड़ा जिले के कुमरी इलाके में बुधवार, 11 नवंबर की सुबह ब्रह्मपुत्र नदी में मछली पकड़ने गए 19 वर्षीय आताबुल इस्लाम की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। बताया गया है कि वह अपनी नाव में बैठे थे, तभी बिजली की चपेट में आ गए।

चापर के श्रीग्राम छठा खंड गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से बासेर अली नामक युवक की मौत हो गई। वह दो बच्चों के पिता थे। उनकी मौत से इलाके में शोक छा गया है।

मोरीगांव के पश्चिमी क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मणिराम डेका की मौत हो गई। इसी घटना में एक महिला घायल हुई है, जिन्हें मोरीगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आंधी और बारिश से डिगबोई के कई इलाकों में नुकसान हुआ और कुछ स्थानों पर कृत्रिम बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। डिमौ में तेज आंधी से घरों की टिन की चादरें उड़ गईं तथा कई सुपारी के पेड़ उखड़ गए।

बारिश के बाद राज्य के कई हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज की गई है। लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान नदी, जलाशयों और खुले स्थानों पर नहीं रहने की अपील की गई है।