गुवाहाटी, 12 नवंबर: महानगर के फैंसी बाजार इलाके में फुटपाथ पर कारोबार करने वाले एक स्थानीय युवा कारोबारी को कथित तौर पर दुकान के भीतर बंद कर बुरी तरह पीटने और चाकू मारने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि दिल्ली से आए दुकान मालिक समेत पांच लोगों के एक समूह ने युवक को जबरन दुकान के अंदर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फैंसी बाजार स्थित ‘बॉम्बे ब्यूटी बाजार’ के मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ यह गंभीर आरोप लगाया गया है। घटना के बाद फैंसी बाजार इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पानबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कथित हमलावरों को हिरासत में लिया तथा घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।