हाटसिंगीमारी: दक्षिण सलमारा-मानकाचर जिला प्रशासन ने हाटसिंगीमारी स्थित जिला आयुक्त कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2027 की फोटोयुक्त मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी। जिला आयुक्त परीक्षित थाउदाम ने सूची जारी करते हुए जिले के मतदाताओं के ताजा आंकड़े सार्वजनिक किए।

मसौदा सूची के अनुसार, भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे जिले के एकमात्र विधानसभा क्षेत्र मानकाचर में कुल 3,13,857 मतदाता हैं। इनमें 1,58,939 पुरुष, 1,54,914 महिला और 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

2026 की अंतिम मतदाता सूची की तुलना में 2027 की मसौदा सूची में जिले में 3,624 नए मतदाता जुड़े हैं।

जिला आयुक्त परीक्षित थाउदाम ने बताया कि जिन नागरिकों को नाम शामिल कराने, सुधार कराने या किसी प्रकार की दावा-आपत्ति दर्ज करानी है, वे आज से 11 दिसंबर तक निर्धारित फॉर्म के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद जिले की अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित की जाएगी।