अल अमेरात, 12 नवंबर: भारत ने अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने 228 रन का लक्ष्य 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाए। नोमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन की पारियां खेलीं।
भारत के लिए ईशान सूद ने 43 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आर्यन सावसानी ने 2 विकेट झटके। भारतीय गेंदबाजों के नियंत्रित प्रदर्शन ने अफगानिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।
कप्तान लक्ष रायचंदानी ने भारत की ओर से 90 गेंदों पर 93 रन की शानदार पारी खेली। वीरेंद्र सहवाग के पुत्र आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी कर जीत की मजबूत नींव रखी।
आर्यवीर के आउट होने के बाद वी के बिनीत ने कप्तान लक्ष के साथ अहम साझेदारी की। बिनीत 62 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि यशवर्धन चौहान ने नाबाद 16 रन बनाए। भारत ने 79 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया।
फाइनल में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला
इस जीत के साथ फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से तय हो गया है। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
शनिवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। ग्रुप चरण में भारत को पाकिस्तान ने 3 विकेट से हराया था।