गुवाहाटी: असम की क्रिकेटर जिंटिमणि कलिता को आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला टेस्ट और वनडे टीम में जगह मिली है। असम क्रिकेट संघ ने उनके चयन पर उन्हें बधाई दी है।

दाएं हाथ की मध्यम तेज गेंदबाज और बाएं हाथ की बल्लेबाज जिंटिमणि का सीनियर भारतीय टीम में चयन उनके क्रिकेट करियर की एक अहम उपलब्धि है। असम क्रिकेट संघ ने इसे असम क्रिकेट के लिए भी गर्व का पल बताया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारतीय महिला क्रिकेट टीम दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी। इस दौरे में टीम 1 टेस्ट, 3 वनडे और 3 टी-20 मैच खेलेगी।

असम क्रिकेट संघ ने उम्मीद जताई कि जिंटिमणि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना सफर सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएंगी और भविष्य में भी लगातार सफलता हासिल करेंगी। संघ के अनुसार, उनकी उपलब्धि असम के उभरते क्रिकेटरों को भी प्रेरित करेगी।

असम क्रिकेट संघ के सचिव सनातन दास ने विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है।