गुवाहाटी, 13 नवंबर: काजीरंगा के रंगाजन में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन समय में असम के लोग उनके साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल लोगों को बिना देरी बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सरकार की पहली और प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से हर घायल को उचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है।

उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और राहत व बचाव अभियान की स्वयं निगरानी कर रहे हैं।

रंगाजन में एक यात्री ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में कॉलेज के छात्रों समेत करीब 35 यात्री सवार थे।

प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में 23 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, मृतकों की सही संख्या की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएमसीएच) भेजा गया है। इलाके में शोक का माहौल है और राहत व बचाव अभियान जारी है।