असम सरकार ने सड़क हादसों को रोकने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोपहिया वाहन चालकों तथा सवारों के लिए हेलमेट नियमों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हेलमेट नहीं पहनने वालों को केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि पुलिस वाहन जांच और अभियान को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानून का पालन करने का मामला नहीं है, बल्कि हर दोपहिया सवार की जान की सुरक्षा से जुड़ा है।

उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस के अभियानों में हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया चालकों और सवारों के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे चिंताजनक हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले 60.1 प्रतिशत लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने वाले लोगों के खिलाफ पहले से अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्य सरकार ने इस संबंध में संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं। गुवाहाटी महानगर समेत राज्य के विभिन्न जिलों में हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया चालकों और सवारों की संख्या बढ़ने पर सरकार ने चिंता जताई है।

पुलिस हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों और सवारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। चयनित पेट्रोल पंपों को भी हेलमेट नहीं पहनने वाले सवारों को ईंधन नहीं देने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

राज्य सरकार स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी) नहीं लगाने वाले व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ भी सख्त अभियान जारी रखे हुए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा अभियान केवल शुरुआत है और जनता की सुरक्षा के लिए इसे जारी रखा जाएगा।