गुवाहाटी, 21 नवंबर: असम क्रिकेट संघ पहली बार गुवाहाटी में सीनियर महिला अंतर-क्षेत्रीय टी-20 ट्रॉफी का आयोजन करेगा। बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 के तहत यह प्रतियोगिता 24 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के मुकाबले बरसापारा स्थित एसीए स्टेडियम और उत्तर गुवाहाटी के फूलुंग स्थित एसीए क्रिकेट अकादमी मैदान में खेले जाएंगे। इसमें पश्चिम क्षेत्र, पूर्व क्षेत्र, उत्तर-पूर्व क्षेत्र, दक्षिण क्षेत्र, उत्तर क्षेत्र और केंद्रीय क्षेत्र की 6 टीमें भाग लेंगी। मुकाबले लीग और नॉकआउट प्रारूप में होंगे।
24 नवंबर को 3 मैच खेले जाएंगे। एसीए स्टेडियम में पूर्व क्षेत्र का सामना पश्चिम क्षेत्र से होगा, जबकि उत्तर क्षेत्र की टीम केंद्रीय क्षेत्र से खेलेगी। वहीं, फूलुंग के एसीए क्रिकेट अकादमी मैदान में उत्तर-पूर्व क्षेत्र और दक्षिण क्षेत्र आमने-सामने होंगे।
लीग चरण के मैच 26, 28 और 30 नवंबर तथा 2 दिसंबर को दोनों मैदानों पर होंगे। फाइनल मुकाबला 4 दिसंबर को फूलुंग स्थित एसीए क्रिकेट अकादमी मैदान में खेला जाएगा।
कई भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, वैष्णवी शर्मा, ऋचा घोष, श्रेयंका पाटिल, जिंतिमोनी कलिता, उमा छेत्री, नंदिनी शर्मा, शेफाली वर्मा, हरलीन कौर देओल, अमनजोत कौर, एन श्री चरणी, जी कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रतिका रावल, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और निक्की प्रसाद सहित कई चर्चित खिलाड़ी अलग-अलग टीमों के लिए खेलेंगी।
असम क्रिकेट संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रीतम महंत ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि संघ देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली टीमों, खिलाड़ियों और अधिकारियों के स्वागत के लिए उत्सुक है।