3 नवंबर:

ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक जहाज पर अज्ञात हवाई वस्तु से हमला हुआ। इस घटना में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य नाविकों को ओमान के तटरक्षक बल ने बचा लिया।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार, 2 नवंबर को MSV AL JUSUFI नामक भारतीय जहाज ओमान के तट के पास से गुजर रहा था, तभी उसे अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया।

जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। मृतक की पहचान गुजरात निवासी गांधार नाहिम अजीज के रूप में हुई है। चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। अन्य 13 नाविक जहाज से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और उन्हें ओमान के तटरक्षक बल ने बचा लिया।

सोनोवाल ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। जीवित बचे नाविकों को सहायता देने और उन्हें भारत वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।

हालांकि, जहाज पर हमला करने वाली अज्ञात हवाई वस्तु की प्रकृति और घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।