योगगुरु बाबा रामदेव ने भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़े विवाद के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीखी आलोचना की है। एक कार्यक्रम में उन्होंने शास्त्री को पाखंडी और धूर्त बताया।
रामदेव ने कहा कि शास्त्री जैसे कथावाचकों ने वेद, उपनिषद, रामायण और महाभारत का अध्ययन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वेद, दर्शन, उपनिषद, रामायण, महाभारत के साथ ही संविधान और लोकतंत्र के बारे में भी नहीं जानते, फिर भी धर्म और सनातन की रक्षा की बात कहकर लोगों में भ्रम फैला रहे हैं।
धर्म के नाम पर पाखंड और धोखा देने वाले लोगों से सावधान रहना चाहिए।
रामदेव ने भूत-प्रेत के नाम पर लोगों को ठगने की प्रवृत्ति की भी आलोचना की।
राम और कृष्ण की तुलना पर उठा था विवाद
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक धार्मिक कार्यक्रम में भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कहा था कि राम सीधे हैं और कृष्ण की मुद्रा टेढ़ी है। इस टिप्पणी पर विभिन्न वर्गों में प्रतिक्रिया हुई थी। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव समेत कई राजनीतिक नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई थी।
बाद में उत्तर प्रदेश के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का रामकथा कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके आयोजक विधायक राजा भैया थे, जो उन्हें प्रयागराज से कार में कुंडा लेकर गए थे।
इसके बाद शास्त्री वृंदावन गए थे और उन्होंने अखिलेश यादव को कृष्णभक्त होने पर मथुरा-वृंदावन आने का निमंत्रण दिया था। अब इसी विवाद के बीच बाबा रामदेव भी शास्त्री के खिलाफ खुलकर बोल पड़े हैं।