रक्षा मंत्रालय के अधीन संबंधित संस्थानों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को अलर्ट किया गया है।

कर्मचारियों को व्हाट्सऐप या अन्य सोशल मीडिया समूहों में किसी भी तरह की सरकारी, गोपनीय या वर्गीकृत जानकारी साझा नहीं करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समूहों के एडमिन को हर सदस्य की पहचान की पुष्टि करने और अज्ञात नंबरों या फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वाले सदस्यों को हटाने को कहा गया है। कर्मचारियों में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों को सीमावर्ती राज्यों में अवैध तरीके से सिम कार्ड जुटाने और उनकी आपूर्ति करने वाले कई गिरोहों का पता चला था। जांच के दायरे में यह आशंका भी है कि विदेश में मौजूद जासूसी गतिविधियों से जुड़े लोग इन सिम कार्डों का भारतीय नंबर के रूप में इस्तेमाल कर विभिन्न संचार माध्यमों तक पहुंच बना सकते हैं।

सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप प्रोफाइल और संबंधित समूहों के सदस्यों की पहचान की जांच कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि किन लोगों ने इन समूहों में प्रवेश किया, वे कितने समय से जानकारी जुटा रहे थे और कोई संवेदनशील सूचना भेजी गई थी या नहीं।