कन्नौज, 24 नवंबर: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ी एक स्कूल बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 24 विद्यार्थियों समेत 32 लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे ठठिया क्षेत्र के पास हुआ। कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में करीब 50 लोग सवार थे, जिनमें विद्यार्थी और स्कूल कर्मचारी शामिल थे।

बस आगरा के ताजमहल का भ्रमण कर लौट रही थी। विद्यार्थियों को लघुशंका के लिए उतरना था, इसलिए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।

टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे उसके भीतर फंस गए। हादसे के बाद पुलिस, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीईआईडीए) के कर्मचारियों और राहगीरों ने बचाव अभियान चलाया।

फंसे बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। तिरवा स्थित मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने 4 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घायलों में 24 विद्यार्थी और स्कूल के 8 कर्मचारी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।