शिलचर: कछार जिले के शिलचर में 9 वर्षीय बच्ची के साथ बार-बार यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने 32 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में शुरुआती स्तर पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप में रंगीरखारी पुलिस चौकी के 2 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसकी मां उसे डॉक्टर के पास ले गईं। जांच के बाद डॉक्टर ने बच्ची के यौन शोषण का शिकार होने की आशंका जताई। इसके बाद मां ने रंगीरखारी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
मां का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही बच्ची की मेडिकल जांच की व्यवस्था की। उन्होंने बताया कि आरोपी के साथ उनका निजी संबंध था और दोनों के विवाह की बात चल रही थी। बच्ची भी आरोपी को ‘पिता’ कहकर बुलाती थी और उस पर भरोसा करती थी।
मां के मुताबिक, आरोपी ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर बच्ची का कई बार यौन शोषण किया। धमकी के कारण बच्ची ने लंबे समय तक मां को इस बारे में कुछ नहीं बताया था।
रंगीरखारी पुलिस चौकी से कोई कार्रवाई न होने पर मां ने कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) पी पी शइकिया से संपर्क किया। नई शिकायत मिलने के बाद सोमवार को पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी ने शिलचर शहर छोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने अभियान चलाकर उसे रंगपुर इलाके से पकड़ा और बाद में गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी पी शइकिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई नहीं करने के कारण रंगीरखारी पुलिस चौकी के उप-निरीक्षक अनंत सिन्हा और कांस्टेबल हरिपद राय को निलंबित किया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।