डिब्रूगढ़ में वीर लाचित बरफुकन दिवस के अवसर पर एक स्मरण समारोह आयोजित किया गया। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की पहल और भारतीय जनता पार्टी की डिब्रूगढ़ जिला समिति के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद ‘वंदे मातरम’ और ‘ओ मोर आपोनार देश’ गीतों की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

रंजीत चेतिया की अध्यक्षता में आयोजित सभा में डिब्रूगढ़ नगर पालिका के मेयर सैकत पात्र, उप-महापौर उज्ज्वल फुकन, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष असीम हजारिका और मंडल अध्यक्ष बिटो बरुआ समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने वीर लाचित बरफुकन के अपार देशप्रेम और सरायघाट के युद्ध के वीरतापूर्ण इतिहास को याद किया। उन्होंने नई पीढ़ी से लाचित बरफुकन के त्याग और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

दिवस के अवसर पर चित्रांकन और रचना प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने वीर लाचित बरफुकन के आदर्शों को अपनाते हुए समाज और देश के लिए निष्ठापूर्वक काम करने का संकल्प लिया।