डिब्रूगढ़, 24 नवंबर: डिब्रूगढ़ के पश्चिमी छोर पर स्थित ऐतिहासिक श्रीश्री कली आई थान में भक्तों और पर्यटकों की सुविधा के लिए अतिथिगृह बनाया जाएगा। असम पर्यटन विकास निगम के 25 लाख रुपये के वित्तीय अनुदान से बनने वाले इस अतिथिगृह की आधारशिला निगम के अध्यक्ष ऋतुपर्ण बरुआ ने रखी।
यह अनुदान ऋतुपर्ण बरुआ की विशेष पहल पर निगम की ओर से दिया गया है। प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थित इस थान में हर वर्ष असम और देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
विशेषकर जनवरी में लाखों भक्तों के आने के दौरान उन्हें ठहरने और भोजन की व्यवस्था में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतिथिगृह का निर्माण पूरा होने पर भक्तों और पर्यटकों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
थान प्रबंधन समिति धार्मिक परंपराओं के साथ लोक-संस्कृति के संरक्षण में भी भूमिका निभा रही है। परिसर में नियमित रूप से आईनाम और दिहानाम का अभ्यास होता है तथा विरासत संरक्षण के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
आधारशिला कार्यक्रम में विधायक प्रशांत फुकन, विधायक चक्रधर गोगोई, थान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भीमकांत संदिकै, कार्यकारी अध्यक्ष सोनाराम गोगोई समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।