चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता, पोलितब्यूरो सदस्य और शंघाई के पार्टी सचिव चेन जिनिंग के खिलाफ जांच शुरू की गई है।
केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग (सीसीडीआई) और राष्ट्रीय पर्यवेक्षण आयोग चेन जिनिंग के खिलाफ जांच कर रहे हैं। उन पर पार्टी अनुशासन और कानून के गंभीर उल्लंघन का संदेह है। जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
62 वर्षीय चेन जिनिंग चीन के 24 सदस्यीय शक्तिशाली पोलितब्यूरो के सदस्य हैं। वह 2022 से शंघाई की कम्युनिस्ट पार्टी इकाई के प्रमुख के रूप में काम कर रहे हैं। शंघाई चीन के प्रमुख वित्तीय और व्यापारिक केंद्रों में शामिल है।
2022 में बने मौजूदा पोलितब्यूरो में चेन जिनिंग चौथे सदस्य हैं, जिनके खिलाफ जांच शुरू की गई है। इससे पहले हे वेइदोंग, झांग यूशिया और मा शिंगरुई के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी। एक ही कार्यकाल में शीर्ष नेतृत्व के इतने सदस्यों के खिलाफ जांच को पिछले कई दशकों की उल्लेखनीय घटना माना जा रहा है।
राष्ट्रपति शी जिनपिंग 2012 में सत्ता संभालने के बाद से भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत पार्टी नेताओं, सरकारी अधिकारियों और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पर्यावरण वैज्ञानिक चेन जिनिंग ने लंदन के इम्पीरियल कॉलेज से डॉक्टरेट की डिग्री ली है। वह सिंघुआ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष, पर्यावरण संरक्षण मंत्री और बीजिंग के मेयर भी रह चुके हैं। शंघाई के पार्टी सचिव का पद चीन की राजनीति में बेहद प्रभावशाली माना जाता है। मौजूदा प्रधानमंत्री ली चियांग भी पहले इस पद पर रह चुके हैं।