मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा विधायक और असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हाबे तेरोन के खिलाफ एक महिला की ओर से लगाए गए संबंध और बच्चे के पितृत्व से जुड़े आरोपों पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार किया है।

कार्बी आंगलांग के अपने नियम-कायदे, पारंपरिक अदालत और राजा हैं, जबकि हमारी अदालतें भी हैं। इन मामलों में मुख्यमंत्री की कोई टिप्पणी नहीं होती। कानून और अदालत जो निर्देश देंगे, उनका पालन करेंगे।

महिला ने 24 नवंबर को डिफू में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में डॉ. तेरोन पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि डॉ. तेरोन के साथ संबंध के कारण उनके एक बच्चे का जन्म हुआ है।

महिला के अनुसार, कोविड महामारी के दौरान दोनों के बीच संबंध बने थे और 4 मार्च 2021 को बच्चे का जन्म हुआ। उनका आरोप है कि डॉ. तेरोन ने बच्चे की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उनसे संपर्क खत्म कर दिया।

महिला ने धन के लेनदेन, मिलने जाने पर बाधा पहुंचाने और विभिन्न पक्षों से संपर्क के बावजूद न्याय नहीं मिलने के आरोप भी लगाए। उन्होंने बच्चे के पितृत्व की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराने की मांग की और डॉ. तेरोन से भी जांच के लिए सहमति देने को कहा।

इन आरोपों पर डॉ. हाबे तेरोन की प्रतिक्रिया खबर लिखे जाने तक नहीं मिल सकी थी।