श्रीभूमि, बुधवार: भारत-बांग्लादेश सीमा पर लापता बीएसएफ जवान के. वेणु का शव बुधवार सुबह कुशियारा नदी से बरामद किया गया। उनका शव स्टीमरघाट के पास नदी से मिला है।
दो दिनों से लापता जवान का शव मिलने के बाद इलाके में हलचल है। के. वेणु रविवार रात संदिग्ध मवेशी तस्करों को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान लापता हो गए थे।
आशंका जताई गई थी कि अभियान के दौरान वह कुशियारा नदी में लापता हो गए थे। उनके साथ मौजूद हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव तैरकर सुरक्षित नदी किनारे पहुंचने में सफल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ जवानों को देखकर 4 से 5 संदिग्ध लोग भी नदी में कूद गए थे। शुरुआत में जवान के नदी में डूबने की आशंका थी। बाद में बांग्लादेशी मवेशी तस्करों द्वारा उनका अपहरण कर सीमा पार ले जाने की आशंका भी जताई गई थी।
हालांकि, बांग्लादेश के सीमा रक्षक बल ने मंगलवार को कहा था कि लापता बीएसएफ जवान के उनके इलाके में होने की कोई जानकारी नहीं है।
शव मिलने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर नए सवाल उठे हैं। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जवान की मौत नदी में डूबने से हुई या उनका अपहरण कर हत्या के बाद शव नदी में फेंका गया।