रंगिया: कामरूप जिले के तुलसीबारी में स्पीड4 डिफेंस सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड करीब 15 एकड़ जमीन पर एकीकृत रक्षा उत्पादन और उन्नत तकनीक केंद्र स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार ने मई 2025 में रक्षा एवं एयरोस्पेस नीति तैयार की थी। इसी नीति के आधार पर राज्य में रक्षा सामग्री से जुड़े उद्योग स्थापित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी सेना के लिए ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम, बंकर और प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर का निर्माण करेगी। परियोजना से करीब 150 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी ने लगभग 15 महीने के भीतर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना असम में रक्षा सामग्री निर्माण उद्योग खड़ा करने की दिशा में एक शुरुआत होगी और इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में राज्य का योगदान बढ़ेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और विधायक भवेश कलिता भी मौजूद थे। परियोजना की जानकारी के अनुसार, केंद्र में इंसुलेटेड पैनल, प्रीकास्ट कंक्रीट स्ट्रक्चर और स्टील फैब्रिकेशन का उत्पादन किया जाएगा। इन उत्पादों का उपयोग रक्षा, विमानन, विस्फोटरोधी ढांचों और निगरानी प्रणालियों में हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि तुलसीबारी में सिंटेक्स टैंक निर्माण इकाई लगाने पर चर्चा चल रही है, हालांकि इस परियोजना का काम शुरू होने में कुछ समय लगेगा। चिकन नेक क्षेत्र की सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि इसके नीचे से रेल लाइन और सड़क संपर्क विकसित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।