श्रीशैलम: धन-संपत्ति और समृद्धि का लालच देकर लक्ष्मी पूजा के बहाने युवतियों और किशोरियों के यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम से 47 वर्षीय पुजारी काम्मारा कृष्णमाचारी को गिरफ्तार किया है। उन पर पीड़ितों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।

कृष्णमाचारी आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के आकाटोटापल्ली स्थित महाकाली मंदिर के पुजारी हैं। यह मामला कर्नाटक के बल्लारी स्थित एपीएमसी पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आया था।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह का नेतृत्व कर रहा था। गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से असुरक्षित परिवारों को निशाना बनाता था। परिवार में बड़ी धन-संपत्ति आने का झांसा देकर विशेष लक्ष्मी पूजा कराने की बात कही जाती थी।

जांच में सामने आया है कि पूजा में केवल अविवाहित और शरीर पर तिल न होने वाली युवतियों को शामिल करने की शर्त रखी जाती थी। गिरोह के सदस्य युवतियों की ऊंचाई, शरीर के निशान और अन्य शारीरिक विशेषताओं की जानकारी लेते थे। उनसे दाहिने हाथ और दाहिने पैर की अलग-अलग तस्वीरें भी मांगी जाती थीं।

पुलिस के मुताबिक, पूजा के बहाने युवतियों और किशोरियों का यौन उत्पीड़न किया गया तथा उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए गए। बाद में वीडियो ऑनलाइन फैलाने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया। गिरोह पर 15 से अधिक युवतियों और किशोरियों के उत्पीड़न का आरोप है। इनमें से कुछ को बेंगलुरु, अनंतपुर और विजयपुर के अलग-अलग स्थानों पर देह व्यापार में धकेलने का भी आरोप है।

गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए अक्का फोर्स की महिला पुलिसकर्मियों ने करीब दो महीने तक गुप्त अभियान चलाया। आम लोगों की पहचान बनाकर उन्होंने गिरोह के सदस्यों से संपर्क किया और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। इस मामले में पुलिस पहले ही 15 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अन्य सदस्यों की भूमिका, पीड़ितों की संख्या तथा वीडियो रिकॉर्डिंग और ब्लैकमेल के मामलों की जांच कर रही है।