भारतीय रेलवे ने 1 नवंबर से तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में नया भोजन मेन्यू लागू किया है। अब एक भोजन में पहले की तरह 8 से 10 आइटम के बजाय केवल 4 आइटम परोसे जाएंगे।
यह व्यवस्था नई दिल्ली-वाराणसी, मुंबई-बेंगलुरु और हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में लागू की गई है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों से भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों के बाद यह फैसला लिया गया है।
आईआरसीटीसी के अनुसार, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर अधिक ध्यान देने के लिए मेन्यू से सूप, सलाद, दही और अचार जैसी चीजें हटा दी गई हैं।
नाश्ते में यात्रियों को चटनी और सांभर के साथ इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से एक विकल्प मिलेगा। पुराने मेन्यू में शामिल सूप, ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट हटा दिए गए हैं।
दोपहर और रात के भोजन में चपाती, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी दी जाएगी। मांसाहारी भोजन लेने वाले यात्रियों के लिए चिकन का विकल्प रहेगा। सलाद, दही, अचार, सूखी सब्जी और मिठाई अब मेन्यू में शामिल नहीं होंगे।
भोजन के आइटम घटने के साथ उसका कुल वजन भी कम हुआ है। पहले एक भोजन का वजन करीब 700 से 750 ग्राम होता था, जो अब लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है। आईआरसीटीसी ने कहा कि हर खाद्य सामग्री की तय मात्रा कम नहीं की गई है, केवल थाली में शामिल आइटम की संख्या घटाई गई है।
अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए बड़े क्लाउड किचन के जरिए खाना तैयार कराने की योजना भी बनाई है। यात्रियों की प्रतिक्रिया और भोजन की गुणवत्ता की जांच के बाद अन्य ट्रेनों में इस व्यवस्था को लागू करने पर फैसला किया जाएगा।