डुमडुमा: तिनसुकिया जिले के डुमडुमा में प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। इस संबंध में डुमडुमा उच्चामाटी दुर्गा पूजा मंडप में स्थानीय लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय विधायक रूपेश गोवाला की पहल पर डुमडुमा को नया स्वरूप देने के उद्देश्य से कई विकास योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें फ्लाईओवर का निर्माण भी शामिल है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि फ्लाईओवर बनने से व्यापार-व्यवसाय और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो सकती है।
बैठक में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का विरोध करने का निर्णय लिया। साथ ही असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा, जिला आयुक्त और डुमडुमा के सह-जिला आयुक्त को ज्ञापन सौंपने का भी फैसला किया गया।
बैठक में सरकार और प्रशासन से अपील की गई कि फ्लाईओवर निर्माण से पहले इससे प्रभावित हो सकने वाले लोगों की आजीविका और हितों को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएं।