टियोक, 25 नवंबर: ब्रह्मपुत्र की बाढ़ नियंत्रित करने के नाम पर टियोक की 7,598 बीघा कृषि भूमि, चरागाहों और जलाशयों में खुदाई कर उन्हें नष्ट किए जाने की आशंका के विरोध में चल रहे जन सत्याग्रह को कांग्रेस नेतृत्व ने समर्थन दिया है।

बुधवार को सत्याग्रह स्थल पर असम विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष देवव्रत सैकिया, कांग्रेस नेत्री पल्लवी सैकिया गोगोई और पार्टी के अन्य नेता पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों के प्रति समर्थन जताया और स्थानीय किसानों की मांगों व चिंताओं के साथ एकजुटता व्यक्त की।

बाढ़ निकासी नाला खुदाई मांग समिति, टियोक की पहल पर यह जन सत्याग्रह जारी है। समिति का कहना है कि बड़े पैमाने पर खुदाई होने से इलाके की कृषि भूमि, जलाशयों और चरागाहों का प्राकृतिक वातावरण प्रभावित हो सकता है। इससे किसानों, पशुपालकों और मछुआरों की आजीविका पर संकट आने की आशंका है।

समिति ने स्पष्ट किया कि वह बाढ़ नियंत्रण के खिलाफ नहीं है। वह वैज्ञानिक, पर्यावरण अनुकूल और किसानों के हितों की रक्षा करने वाली स्थायी बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था की पक्षधर है।

समिति के अनुसार, उचित कारण, पारदर्शिता और स्थानीय लोगों की राय के बिना 7,598 बीघा भूमि पर बड़े पैमाने पर खुदाई स्वीकार्य नहीं है। समिति ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक नेताओं की मौजूदगी से उनका लोकतांत्रिक संघर्ष मजबूत हुआ है।

समिति ने सभी पक्षों से दलगत मतभेदों से ऊपर उठकर टियोक के किसानों की आजीविका, भूमि अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए जिम्मेदारी से भूमिका निभाने की अपील की। उसकी मुख्य मांग है कि किसानों को सर्वस्व गंवाने की स्थिति में डाले बिना वैज्ञानिक और जनहित सुरक्षित रखने वाले तरीके से बाढ़ की स्थायी समस्या का समाधान किया जाए।