गुवाहाटी, 25 नवंबर: असम के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भारती एयरटेल ने जोरहाट और सिलचर में 2 बड़े डाटा सेंटर बनाने की योजना बनाई है। कुल 9 एकड़ भूमि पर बनने वाली इन परियोजनाओं की संयुक्त क्षमता 25 मेगावाट होगी। कंपनी पहले चरण में 455 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

इस संबंध में असम सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव नंदिता दत्ता और एयरटेल की प्रियंका जैन ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम केवल डिजिटल सेवाओं का उपभोक्ता बने रहने के बजाय देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में योगदान देने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।

जोरहाट में करीब 4 एकड़ भूमि पर 10 मेगावाट क्षमता का डाटा सेंटर बनाया जाएगा। इस परियोजना में पहले चरण में 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और इससे 164 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

वहीं, सिलचर में करीब 5 एकड़ भूमि पर 15 मेगावाट क्षमता का डाटा सेंटर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर 255 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसके जरिए 100 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। दोनों परियोजनाओं में 455 करोड़ रुपये के निवेश से कुल 264 प्रत्यक्ष पद सृजित होने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार, निर्माण, इंजीनियरिंग, सुरक्षा और अन्य सहायक सेवाओं में भी अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

इससे पहले एयरटेल ने गुवाहाटी के टेक सिटी में एमट्रॉन से मिली 2 एकड़ भूमि पर 15 मेगावाट क्षमता के एक अन्य डाटा सेंटर का निर्माण शुरू किया है। 250 करोड़ रुपये की इस परियोजना को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जोरहाट और सिलचर की नई परियोजनाएं पूरी होने पर गुवाहाटी, जोरहाट और सिलचर में एयरटेल के डाटा सेंटरों की कुल क्षमता 40 मेगावाट हो जाएगी। तीनों परियोजनाओं में कुल निवेश करीब 705 करोड़ रुपये होगा।

समझौते के तहत राज्य सरकार दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि हस्तांतरण, प्रशासनिक मंजूरी और नीतिगत सहूलियतें देगी। कंपनी ने भूमि का कब्जा मिलने के 2 वर्ष के भीतर दोनों डाटा सेंटरों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, जोरहाट और सिलचर में भूमि के निश्चित स्थान तथा भूमि हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने की तारीख की जानकारी समझौते के समय सार्वजनिक नहीं की गई।