मोरीगांव, 25 नवंबर: मोरीगांव जिले के भूरागांव नए बाजार में जिला प्रशासन ने बुधवार सुबह से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। भूरागांव राजस्व चक्र के अंतर्गत बाजार क्षेत्र और भूरागांव-नगांव संपर्क मार्ग के दोनों किनारों की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह अभियान शुरू किया गया।

भूरागांव के राजस्व चक्र अधिकारी की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर से सरकारी जमीन पर बनी दुकानों और अन्य ढांचों को तोड़ा गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

17 नवंबर को जारी किया गया था नोटिस

प्रशासन ने 17 नवंबर को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था। इसके बाद 23 नवंबर को माइक से घोषणा कर व्यापारियों को 25 नवंबर को अभियान चलाए जाने की चेतावनी दी गई थी। नोटिस मिलने के बाद कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानों और ढांचों को खुद ही हटाना शुरू कर दिया था।

हालांकि, स्थानीय व्यापारियों के एक वर्ग ने अभियान पर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अतिक्रमण हटाने से पहले पर्याप्त समय और मुआवजे का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया। व्यापारियों ने अचानक चलाए गए अभियान से छोटे कारोबारियों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका भी जताई है।

प्रशासन ने अभी तक यह अंतिम आंकड़ा जारी नहीं किया है कि अभियान में कितनी बीघा सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई या कितनी दुकानें हटाई गईं। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही सड़क किनारे के अतिक्रमण हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करना, पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और बाजार क्षेत्र में जाम कम करना है।