नई दिल्ली, 25 नवंबर: अमेरिकी सुपरमॉडल केंडल जेनर ‘ओम’ और त्रिशूल के निशान वाला कपड़ा पहनने को लेकर विवादों में घिर गई हैं। उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद भारतीय यूजर्स के एक वर्ग ने आपत्ति जताई है।
केंडल अपनी बहन काइली जेनर के साथ हैली बीबर का 30वां जन्मदिन मनाने बहामास गई थीं। काइली ने इंस्टाग्राम पर इस दौरान की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें केंडल काली बिकिनी के ऊपर सरसों-पीले रंग की सारंग लपेटे नजर आ रही हैं।
बताया गया है कि इस कपड़े पर हिंदू धर्म के पवित्र प्रतीक ‘ओम’ और त्रिशूल के निशान बने हुए थे। तस्वीरें सामने आने के बाद X और रेडिट पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई।
कई भारतीय यूजर्स ने धार्मिक और आध्यात्मिक प्रतीकों को सामान्य फैशन या समुद्र तट पर पहने जाने वाले कपड़ों के हिस्से के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि ‘ओम’ केवल एक डिजाइन नहीं, बल्कि हिंदू धर्म में गहरे आध्यात्मिक महत्व वाला प्रतीक है।
एक यूजर ने कहा कि ‘ओम’ आध्यात्मिक साधना और श्रद्धा से जुड़ा है, इसे अस्थायी फैशन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
कुछ लोगों ने अंतरराष्ट्रीय हस्तियों से धार्मिक प्रतीकों के प्रति अधिक संवेदनशील और जागरूक रहने की अपील की। वहीं, कुछ यूजर्स का मानना है कि केंडल को संभवतः इस प्रतीक के धार्मिक महत्व की जानकारी नहीं रही होगी।
बहस में कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि टी-शर्ट या दूसरे सामान्य कपड़ों पर ‘ओम’ का निशान होने पर आपत्ति नहीं की जाती, लेकिन बिकिनी के साथ पहने गए कपड़े पर वही निशान दिखने पर प्रतिक्रिया अलग क्यों है। केंडल जेनर ने इस विवाद पर अब तक कोई प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण नहीं दिया है।