ऑल असम मोटर परिवहन संघ ने स्पष्ट किया है कि लिखित आश्वासन और निर्देश मिलने तक उसका बंद जारी रहेगा।

जनता भवन में परिवहन विभाग के आयुक्त-सचिव आकाशदीप और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संघ के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में संघ की 6 मांगों पर चर्चा की गई।

संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि विभाग ने उनकी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधियों के अनुसार, विभाग ने मांगों को पूरा करने की समय-सीमा के साथ लिखित निर्देश जारी करने की बात कही है।

एसएलडी जांच की प्रक्रिया पर आपत्ति

संघ ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर जैक लगाकर वाहन उठाने और एसएलडी जांच करने की प्रक्रिया बंद करने की मांग रखी। संघ का कहना है कि यह तरीका खतरनाक है और इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।

बैठक में 30 तक ई-चालान होने के आरोप में वाहन जब्त कर थाने में रखने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने मांग की कि ऐसे चालान अदालत को भेजे जाएं, ताकि अदालत इस मामले का निपटारा कर सके।

संघ ने यह भी कहा कि एसएलडी और वीएलडीटी प्रमाणपत्र वाहनों में अपलोड नहीं होने से फिटनेस, परमिट नवीनीकरण और विशेष परमिट लेने में परेशानी हो रही है। उसने प्रमाणपत्र अपडेट करने के लिए समय देने तथा पहले की तरह एमवीआई जांच के जरिए वाहनों की एसएलडी और गति सीमा की जांच की सुविधा देने की मांग की।

संघ ने कहा कि सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही बंद वापस लेने पर फैसला किया जाएगा।