तीनसुकिया: अखिल असम मोटर परिवहन संघ के आह्वान पर 26 नवंबर से शुरू अनिश्चितकालीन चक्का जाम का दूसरे दिन तीनसुकिया में भी व्यापक असर दिखा। सड़कों पर व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही काफी कम रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

चक्का जाम के कारण तीनसुकिया में बस सेवाएं प्रभावित रहीं। रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने वाले कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों में जाने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस बीच, कुछ टैक्सी चालकों पर चक्का जाम का फायदा उठाकर यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूलने के आरोप लगे हैं। इसे लेकर यात्रियों में नाराजगी देखी गई।

परिवहन संघ ने एसएलडी और वीएलटीडी उपकरणों को अनिवार्य किए जाने का विरोध, कर और जुर्माने में कमी, ईंधन की कीमतें घटाने तथा अवैध टोल गेट बंद करने की मांग को लेकर चक्का जाम बुलाया है।

दूसरे दिन भी स्थिति सामान्य नहीं होने से आम यात्रियों की परेशानी जारी रही। अब लोगों की नजर सरकार और परिवहन संगठनों के बीच होने वाली बातचीत तथा चक्का जाम समाप्त होने पर टिकी है।