गुवाहाटी, 26 नवंबर: असम में व्यावसायिक परिवहन सेवाओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। ऑल असम मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (एएएमटीए) ने साफ कहा है कि सरकार से लिखित आश्वासन मिलने तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी।
गुरुवार दोपहर 1 बजे गुवाहाटी के जनता भवन में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और एएएमटीए के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें परिवहन आयुक्त एवं सचिव आकाश दीप समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
विभाग ने संगठन की छह मांगों के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन परिवहन कारोबारियों ने केवल मौखिक आश्वासन को पर्याप्त नहीं माना। संगठन का कहना है कि मांगों पर सरकार की लिखित प्रतिबद्धता मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
एएएमटीए की मांगों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) और स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी) से जुड़े नियमों में संशोधन, परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान शामिल है। संगठन ने हाईवे पर वाहनों के पहिए जैक से उठाकर एसएलडी की जांच करने की प्रथा बंद करने की भी मांग की है।
संगठन ने आरोप लगाया कि एक ही वाहन के खिलाफ 30 तक ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। उसने ऐसे मामलों को अदालत भेजने, एसएलडी और वीएलटीडी प्रमाणपत्रों के नवीनीकरण की अवधि बढ़ाने तथा ई-चालान के खिलाफ पारदर्शी शिकायत निपटान व्यवस्था बनाने की मांग की है।
एएएमटीए ने हर जिले में ट्रांसपोर्ट अपीलीय ट्रिब्यूनल स्थापित करने और फिटनेस प्रमाणपत्र व परमिट के नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग भी रखी। संगठन ने गुवाहाटी में एसएलडी लगाने के लिए केवल एक केंद्र और एक एजेंसी होने का मुद्दा उठाया।
इसके अलावा फिटनेस जांच केंद्रों की कमी, व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग की दिक्कत, बढ़े हुए कर और शुल्क से राहत, 20 वर्ष से अधिक पुराने व्यावसायिक वाहनों की स्क्रैपिंग नीति पर स्पष्टता तथा परिवहन ढांचे में सुधार की मांग की गई है।
22 नवंबर को एएएमटीए के अधिवेशन में छह मांगें उठाकर सरकार को समयसीमा दी गई थी। मांगें पूरी नहीं होने पर गुरुवार से हड़ताल शुरू हुई, जिससे राज्य में व्यावसायिक परिवहन सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका है।