गुवाहाटी, 27 नवंबर: असम में 2021 से अब तक बाल विवाह के खिलाफ चलाए गए अभियान में 6 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पहली बार मनाए जा रहे ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 2021 से बाल विवाह के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। अभियान के तहत इस अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।
बाल विवाह खत्म करने को लेकर सरकार का संकल्प अटल है। लड़कियों की गरिमा, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बच्चे को जबरन विवाह के लिए अपना बचपन छोड़ने पर मजबूर नहीं होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इस वर्ष 4 सितंबर को एक प्रस्ताव अपनाकर 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के रूप में निर्धारित किया था। इसका उद्देश्य ऐसे विवाहों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और बच्चों की सुरक्षा के प्रयासों को मजबूत करना है।