गुवाहाटी, 27 नवंबर: असम के तैराक एल्विस अली हजारिका ने तीन अन्य तैराकों के साथ अरब सागर में 1,330 किलोमीटर की रिले तैराकी सफलतापूर्वक पूरी की है। ‘मिशन अपराजय’ के तहत यह अभियान मुंबई से शुरू होकर गोवा के रास्ते कर्नाटक तट पर समाप्त हुआ।

चार सदस्यीय टीम ने दिन-रात तैरकर 15 दिनों में यह दूरी तय की। इस उपलब्धि के साथ एल्विस इतने लंबे समुद्री रिले तैराकी अभियान को पूरा करने वाले पहले असमिया बन गए हैं। उन्होंने इसे विश्व रिकॉर्ड बताया है।

एल्विस ने बताया कि अभियान के दौरान टीम को उफनते समुद्र, ऊंची लहरों, तेज धाराओं और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। तैराकों को जहरीली जेलीफिश और अन्य बड़े समुद्री जीवों के खतरे के अलावा सनबर्न, समुद्री बीमारी, तेज शारीरिक दर्द और नींद की कमी जैसी मुश्किलों से भी जूझना पड़ा।

एल्विस के अनुसार, कई बार परिस्थितियां बेहद प्रतिकूल हो गई थीं, लेकिन मानसिक दृढ़ता और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर टीम लक्ष्य तक पहुंच सकी।

उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को असम के लोगों और देशवासियों को समर्पित किया। एल्विस ने कहा कि असम के लोगों के प्यार, आशीर्वाद और लगातार प्रोत्साहन से ही यह सफलता संभव हो सकी।

उनकी सफलता पर मंत्री अशोक सिंघल, सांसद दिलीप सैकिया समेत विभिन्न दलों और संगठनों के लोगों तथा बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी है।