असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हाबे तेरोन के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर चल रहे विवाद के बीच विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोप सही साबित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी मामला है और व्यक्तिगत तौर पर या अध्यक्ष के रूप में इस विषय में उनके लिए विशेष रूप से कुछ करने का सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा।

दास ने स्पष्ट किया कि कानून या अदालत से कोई निर्देश मिलने पर उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगने से किसी विधायक का पद समाप्त नहीं हो जाता।

उन्होंने विधायक पद और चुनाव प्रमाणपत्र के मुद्दे पर कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को चुनाव आयोग प्रमाणपत्र देता है। किसी विधायक का पद रद्द करने के लिए चुनाव आयोग या अदालत की कानूनी प्रक्रिया और निर्देश आवश्यक होंगे।

अध्यक्ष ने कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगना और अदालत द्वारा उसे दोषी ठहराया जाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। हर मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे बढ़ना चाहिए।

कार्बी आंगलोंग की एक महिला ने आरोप लगाया है कि डॉ. हाबे तेरोन ने विवाह का वादा कर उनके साथ संबंध बनाए और उनका एक 5 वर्षीय बेटा भी है। महिला ने बच्चे के पितृत्व की पुष्टि के लिए डीएनए जांच की चुनौती दी है।

विपक्षी दलों ने उपाध्यक्ष के इस्तीफे और निलंबन की मांग की है। वहीं, डॉ. तेरोन ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है।