गुवाहाटी, 27 नवंबर: असम विधानसभा में पेश सरकारी जानकारी के अनुसार, असम चाय श्रमिक-कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के तहत पंजीकृत 1,291 चाय बागानों और कारखानों में से 190 के प्रबंधन ने 31 मार्च 2026 तक श्रमिकों का भविष्य निधि (पीएफ) जमा नहीं किया था।
नियम के मुताबिक, श्रमिक के वेतन से काटे गए 12 प्रतिशत और नियोक्ता के 12 प्रतिशत अंशदान को मिलाकर कुल 24 प्रतिशत राशि पीएफ खाते में जमा की जानी होती है। सरकार ने यह जानकारी 27 जुलाई 2026 को विधानसभा में दिए गए उत्तर में दी थी।
सरकारी उत्तर में कहा गया है कि तय समय पर पीएफ की राशि जमा नहीं करने वाले बागानों के प्रबंधन को विभाग की ओर से नोटिस भेजा जाता है। इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई के साथ बकाया वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाती है। 52 चाय बागानों और कारखानों के प्रबंधन के खिलाफ बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है, जबकि 53 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बकाया वसूली के लिए 42 चाय बागानों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इनमें से 10 बागानों को ऑनलाइन सार्वजनिक नीलामी के जरिए बेचकर बकाया राशि वसूली गई। 14 बागानों में रिसीवर नियुक्त कर रोजमर्रा का कामकाज चलाया जा रहा है और 10 बागानों का प्रबंधन दूसरी पार्टियों को सौंपा गया है। आठ बागानों के प्रबंधन द्वारा बकाया जमा करने के बाद संपत्ति जब्ती के आदेश वापस ले लिए गए।
इसी सरकारी दस्तावेज में राज्य के विभिन्न जिलों के चाय बागानों में डॉक्टरों की उपलब्धता की सूची भी दी गई है। सूची के अनुसार, कुछ बागानों में डॉक्टर नहीं हैं, जबकि कुछ में केवल विजिटिंग डॉक्टर उपलब्ध हैं। कुछ बागानों में एक या दो डॉक्टरों के नाम दर्ज हैं।