गुवाहाटी, 27 नवंबर: पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन और पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ असम के सहयोग से उदयाचल द्वारा आयोजित तीसरे पूर्वोत्तर पैरा खेल गुवाहाटी के तीन स्थानों पर शुरू हो गए हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सरुसजाई स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ खेल परिसर के इंदिरा गांधी एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित हुआ।

पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ असम की मुख्य संरक्षक रिनिकी भुइयां सरमा ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि असम में तीसरी बार आयोजित हो रहे इन खेलों में पहली बार भारत के पड़ोसी देशों नेपाल और भूटान ने भाग लिया है। अगले वर्ष से एशिया के अन्य देशों को भी प्रतियोगिता में आमंत्रित किया जाएगा।

रिनिकी भुइयां सरमा ने पैरा खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए राज्य सरकार के सहयोग पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा का आभार जताया। उन्होंने बताया कि पहले पैरा खेल संघ को सरकार से 10 लाख रुपये मिलते थे, जिसे अब बढ़ाकर 40 लाख रुपये कर दिया गया है।

उद्घाटन समारोह में पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव ललित ठाकुर, नेपाल पैरालंपिक के प्रतिनिधि ओम नाथ शिवाकोटी, असम राज्य विद्यालय शिक्षा परिषद के अध्यक्ष आर. सी. जैन, खेल निदेशक अंकुर भराली, एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी अतुल राठी और परिवहन विभाग के अधिकारी गौतम दास मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राज्य संघ के सचिव राजीव दे ने किया।

समारोह में असम की साइक्लिस्ट लिजा दास को राज्य सरकार की ओर से 2 लाख रुपये का चेक दिया गया। लिजा ने 16 वर्ष की उम्र में ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश की सबसे कम उम्र की और पूर्वोत्तर की पहली महिला पैरा एथलीट होने का गौरव हासिल किया है।

उद्घाटन समारोह में 10 टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। बिहू दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया, जबकि सेना के बैंड ने प्रस्तुति दी। इंदिरा गांधी एथलेटिक्स स्टेडियम में एथलेटिक्स मुकाबले शुरू हुए, वहीं बंद्या इंटरनेशनल स्कूल में बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। शुक्रवार को बंद्या इंटरनेशनल स्कूल में तैराकी, सरुसजाई में शतरंज और उदयाचल में बोच्चिया के मुकाबले शुरू होंगे।