डिगबोई: शहर के लाचित नगर के प्रवेश मार्ग के किनारे खाली जमीन पर लंबे समय से जमा कचरे को डिगबोई नगर पालिका ने सोमवार सुबह साफ कराया। यह जगह डंपिंग ग्राउंड जैसी बन गई थी और पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही थी।
बताया गया कि कुछ लोग चोरी-छिपे इस जगह पर कचरा फेंकते रहे हैं। कचरा न फेंकने के लिए पहले भी वहां नोटिस लगाए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की जाती रही।
कचरा फेंकने वाली जगह के पास आरडी जूनियर कॉलेज, उसका छात्रावास और कई मकान हैं। यहां से रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय लोग गुजरते हैं। सड़े कचरे की दुर्गंध के बीच उन्हें नाक पर रूमाल रखकर आना-जाना पड़ रहा था।
नगर पालिका की उपाध्यक्ष डिम्पी सोनोवाल की पहल पर जेसीबी के साथ सफाईकर्मियों की एक टीम मौके पर भेजी गई। नगर पालिका के सुपरवाइजर पोना दास के नेतृत्व में टीम ने पूरे गंदे इलाके की सफाई की।
सफाई के बाद वहां बांस की बाड़ और ग्रीन स्क्रीन लगाई गई। साथ ही कचरा न फेंकने का नोटिस भी लगाया गया। स्थानीय जागरूक लोगों ने नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है।
नगर पालिका स्वच्छता अभियान के तहत शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ लोगों की ओर से कचरा फेंके जाने के कारण स्थानीय निवासियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी।