कछार की विशेष अदालत ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में कार्तिक दास उर्फ पंकू को 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश बिप्रजीत राय की अदालत ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया।
सजा पाने वाला कार्तिक दास 22 वर्ष का है और बदरपुर थाना क्षेत्र के मालुआ जगन्नाथपुर का निवासी है। घटना के समय उसकी उम्र 19 वर्ष थी, जबकि पीड़िता 16 वर्ष की थी।
मामला 14 अक्टूबर 2023 को महालया के दिन तड़के का है। काटीगोड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग घर से निकलने के बाद लापता हो गई थी। परिवार के लोगों को पता चला कि आरोपी उसे अपने साथ ले गया है, जिसके बाद काटीगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस ने जांच शुरू कर घटना के तीन दिन बाद नाबालिग को आरोपी के घर से बरामद किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे पहले आरोपी के एक रिश्तेदार के घर रखा गया और बाद में कार्तिक के घर के एक कमरे में बंद कर दिया गया। उसका मोबाइल छीनकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
अदालत ने पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत कार्तिक दास को 10 वर्ष की कैद और 2,000 रुपये जुर्माने की सजा दी। जुर्माना नहीं भरने पर उसे एक महीने की अतिरिक्त कैद काटनी होगी।
भारतीय दंड संहिता की धारा 366 के तहत उसे 3 वर्ष की कैद और 1,000 रुपये जुर्माने की सजा भी सुनाई गई है। अदालत ने दोनों सजाएं एक साथ चलने का आदेश दिया। फैसले के बाद उसे सिलचर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।