शिलांग में 16 वर्षीय छात्र एकांश जिंदल की संदिग्ध ड्रग ओवरडोज से हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक ट्यूशन शिक्षक समेत तीन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया है। शिलांग की जिला एवं सत्र अदालत में पेश की गई इस चार्जशीट में ट्यूशन शिक्षक सनी सिन्हा, राल्फ नोंगरुम और रीता खारशिंग के नाम शामिल हैं।
आरोपों के मुताबिक, सनी सिन्हा ने ही एकांश और उसके दोस्तों को गांजे की लत लगवाई थी और बाद में उन्हें राल्फ नोंगरुम से मिलवाया। आरोप है कि नोंगरुम ने ही एकांश को ड्रग्स की वह खुराक दी थी जो जानलेवा साबित हुई। वहीं रीता खारशिंग पर कई एजेंटों के जरिए ड्रग सप्लाई नेटवर्क चलाने का आरोप है और उसने ही घटना वाले दिन नशीला पदार्थ मुहैया कराया था।
फिलहाल रीता खारशिंग और राल्फ नोंगरुम न्यायिक हिरासत में जेल में हैं, जबकि सनी सिन्हा की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 123 (जहर या नशीले पदार्थ से नुकसान पहुंचाना) के अलावा उकसाने और आपराधिक साजिश की धाराएं लगाई हैं। रीता ने जमानत याचिका दायर की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया और अदालत ने उसे खारिज कर दिया।
तेजपुर के असम वैली स्कूल से 10वीं की परीक्षा देकर शिलांग लौटे एकांश की मार्च के अंत में उम्पलिंग पुल के पास ओवरडोज से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद नाबालिगों को नशीले पदार्थ बेचने और देने वालों के खिलाफ जांच शुरू हुई थी।
एकांश के दादा वी.के. जिंदल ने शिक्षण संस्थानों के आसपास चल रहे ड्रग नेटवर्क पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कोई बच्चा अपनी मर्जी से भी ड्रग्स ले, तब भी नशा देने वालों का अपराध कम नहीं होता। उन्होंने पूरे नेटवर्क की गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि केवल छोटे लोगों को पकड़ने से समस्या हल नहीं होगी। उन्होंने माता-पिता से बच्चों की संगति पर नजर रखने और पुलिस से नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।