कोहिमा: नागालैंड में बाल विवाह की स्थिति चिंताजनक है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 के अनुसार, 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 5.6% महिलाओं का विवाह 18 साल की उम्र से पहले हुआ था।

सामाजिक कल्याण सचिव लिमावाबांग जमीर ने शुक्रवार को बाल, कम उम्र और जबरन विवाह उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 7.3% है, जबकि शहरी इलाकों में 2.4% मामले सामने आए हैं।

जमीर ने कहा कि बाल विवाह के साथ किशोरावस्था में गर्भधारण भी बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने समुदाय स्तर पर लगातार जागरूकता और रोकथाम के उपायों की जरूरत बताई।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 17 जिलों में बाल विवाह निषेध अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मिशन शक्ति के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, स्कूल छोड़ने की दर कम करने और भेदभावपूर्ण सामाजिक प्रथाओं को चुनौती देने का काम किया जा रहा है।

सचिव ने कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 को राज्य सरकार की ओर से औपचारिक रूप से अपनाने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, इसके सिद्धांतों को विभागीय स्तर पर लागू किया जा रहा है।

राज्य सरकार के सामाजिक कल्याण सलाहकार और विधायक वांगपांग कोन्याक ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा बुनियादी मानवाधिकार का मुद्दा है और समानता, न्याय तथा सतत विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने लोगों से हर लड़की के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि लोगों को सोचना चाहिए कि यदि उनकी बेटियों को जबरन शादी के लिए मजबूर किया जाए, शिक्षा से वंचित रखा जाए या अपना भविष्य चुनने की आजादी न दी जाए, तो उन्हें कैसा लगेगा।

कोन्याक ने खासकर ग्रामीण इलाकों में किशोरावस्था में गर्भधारण पर चिंता जताई। कार्यक्रम के दौरान 27 नवंबर से अगले वर्ष 8 मार्च तक राज्यव्यापी 100 दिवसीय अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा गया। इसमें बाल विवाह और बाल तस्करी के खिलाफ जागरूकता के लिए नागरिक समाज, चर्चों और ग्राम परिषदों की भागीदारी होगी।