माकुम, 29 नवंबर: माकुम स्थित तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज में प्रसव के लिए भर्ती एक प्रसूता के साथ नर्स द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप से हंगामा मच गया। घटना की सूचना मिलने पर तिनसुकिया सदर पुलिस की टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।

प्रसूता के पति ने आरोप लगाया कि डुमडुमा के सामदांग बरगुड़ी लाइन निवासी उनकी पत्नी को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उन्होंने दावा किया कि प्रसव की तैयारी के दौरान नर्स बृष्टिना बोरा ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की।

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। प्रसूता के पति ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। प्रसव जैसे संवेदनशील समय में मरीज के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर अस्पताल की सेवाओं और कर्मचारियों की जवाबदेही पर सवाल उठे हैं।

सूचना मिलने पर असम चाय जनजाति महिला समिति की केंद्रीय समिति और शुकानपुखुरी आंचलिक युवा संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप साबित होने पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इसी मेडिकल कॉलेज में एक अन्य प्रसूता के पति ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे के जन्म के बाद एक नर्स ने उनसे 1,500 रुपये मांगे। उनके अनुसार, 500 रुपये देने के बाद भी उनसे अतिरिक्त 100 रुपये मांगे गए। अब मामले में विभागीय अधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार है।