संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। केंद्र सरकार इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से 3 महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत ‘परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026’ को लोकसभा में विचार के लिए औपचारिक सिफारिश दी। लोकसभा सचिवालय के 28 नवंबर के बुलेटिन के अनुसार, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के 27 नवंबर के पत्र के आधार पर यह सिफारिश की गई।

संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत भारत की संचित निधि से होने वाले खर्च से जुड़े किसी विधेयक को संसद के किसी सदन में पारित करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश जरूरी होती है। हालांकि, इस सिफारिश का अर्थ यह नहीं है कि विधेयक को राष्ट्रपति की अंतिम मंजूरी मिल गई है या वह पारित हो गया है।

3 विधेयक पेश करने की योजना

विशेष सत्र में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक, 2026 पेश किए जाने की योजना है। इन विधेयकों के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों पर आरक्षण लागू करने तथा परिसीमन का रास्ता तैयार करने का लक्ष्य है।

प्रस्तावों में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने और राज्य विधानसभाओं में अधिकतम सीटों की संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।

परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों के इस्तेमाल का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही, 2051 तक राज्यों के बीच सीटों के वितरण का अनुपात अपरिवर्तित रखने का प्रस्ताव भी शामिल है। विधेयकों में परिसीमन आयोग गठित करने का प्रस्ताव है, जिससे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता खुल सकता है।

लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा। राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। सत्र में विधेयक पेश होने और उन पर चर्चा होने की संभावना है।