नई दिल्ली, 29 नवंबर: परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र के प्रस्तावित विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संसद का विशेष सत्र शुरू होने से एक दिन पहले विपक्षी INDIA गठबंधन के नेता गठबंधन के भीतर मतभेद दूर करने की कोशिश में जुटे हैं।

डीएमके के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के फैसले के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को चेन्नई पहुंचे। दोनों डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन से मुलाकात करेंगे। INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी स्टालिन से बातचीत कर सकता है।

इस बीच, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के साथ भी चर्चा की योजना है। प्रस्तावित विधेयक पर डीएमके और एनसीपी (एसपी) के समर्थन की संभावना ने विपक्षी खेमे के साझा रुख को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि वह शरद पवार को ‘विश्वासघाती’ कहने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को तैयार हैं। उन्होंने रविवार को नागपुर में पत्रकारों से कहा कि यदि पवार विधेयक का समर्थन नहीं करते हैं तो वह उनके पैरों पर सिर रखकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विपक्षी दलों से महिला आरक्षण के मुद्दे पर समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी हित को राष्ट्रीय हित से ऊपर रखने पर महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय हित, दोनों को नुकसान होगा। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन संशोधन’ को समय की मांग बताते हुए सभी दलों से इसका समर्थन करने को कहा।

कांग्रेस ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक होने वाले संसद के विशेष सत्र में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। केंद्र सरकार इस सत्र में संविधान का 132वां संशोधन विधेयक, 2026 पेश करने की योजना बना रही है।

प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है। केंद्र का कहना है कि इन बदलावों से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ होगा।

इस वर्ष अप्रैल में परिसीमन से जुड़े पहले संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। तब विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 सांसदों ने मतदान किया था।