सोनापुर: कामरूप जिले के सोनापुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
डिगारू निवासी गोलापी डेका को सोमवार रात करीब 10.30 बजे अचानक चक्कर आने और उल्टी की शिकायत के बाद आपात स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात डॉ. धर्मेंद्र पटोवारी ने शुरुआती जांच के बाद उन्हें सलाइन चढ़ाने की व्यवस्था की थी।
गोलापी डेका की मंगलवार तड़के करीब 5 बजे अचानक मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती जांच के बाद डॉक्टर रात भर दोबारा मरीज की हालत देखने नहीं आए।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि सलाइन चढ़ाने का काम वार्ड बॉय और सुरक्षाकर्मियों के जरिए कराया गया। उनका कहना है कि महिला की तबीयत लगातार बिगड़ने पर उन्होंने कई बार बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने कोई आवश्यक कदम नहीं उठाया।
मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपित डॉक्टर डॉ. धर्मेंद्र पटोवारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से की है।