सोनाईरूपाई, 10 नवंबर: शोणितपुर जिले के सोनाईरूपाई अभयारण्य में वन विभाग ने अभियान चलाकर हथियारों के साथ 5 शिकारियों को गिरफ्तार किया है।

कालामटी वन क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में वनकर्मियों की एक टीम ने गेलगेली के दुर्गम इलाके से पांचों आरोपितों को पकड़ा। उन पर लंबे समय से अभयारण्य में जंगली जानवरों का शिकार करने का आरोप है।

वन विभाग ने आरोपितों के पास से हाथ से बनी एक बंदूक और धारदार हथियार जब्त किए हैं। बरामद बंदूक हापन सोरेन की बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हापन सोरेन, ताला सोरेन, मॉन्टी मुर्मू, चामाटो सोरेन और मंगल हसदा के रूप में हुई है।

वन विभाग ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कुछ दिन पहले वन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने अभयारण्य का दौरा कर अतिक्रमणकारियों और शिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।