डिब्रूगढ़, 10 नवंबर: डिब्रूगढ़ जिले के टेंगाखात में ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) के इंटरमीडिएट टैंक फार्म (आईटीएफ) परियोजना स्थल पर हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। इलाज के दौरान एक और श्रमिक की मौत के बाद यह संख्या बढ़ी है।
मृतक श्रमिक की पहचान टेंगाखात के उल्टन बरदलनी निवासी गोलाप दत्त के रूप में हुई है। आग में गंभीर रूप से झुलसे गोलाप दत्त का डिब्रूगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई।
गत 6 नवंबर को ओआईएल की आईटीएफ परियोजना में जोरदार विस्फोट के बाद आग लग गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विस्फोट कच्चे तेल के भंडारण वाले क्षेत्र में हुआ था। हादसे में कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे।
घायलों को पहले डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया है कि वे मुंबई स्थित स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी थे। यह कंपनी ओआईएल की ओर से परियोजना में काम कर रही थी।
घायलों में शैलेन गोगोई (45), तपस गोगोई (40), कुमुद गोगोई (38) और इंद्र गोगोई (40) शामिल थे। इससे पहले तपस गोगोई और रूपम गोगोई की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। गोलाप दत्त की मौत के बाद मृतकों की संख्या 6 हो गई है।
विस्फोट और इसके बाद लगी आग का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले के कारणों का पता लगाने के लिए अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।