बिर बिलिंग: हिमाचल प्रदेश के बिर बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान ग्रेटर नोएडा के युवक शुभम दोबलियाल की मौत हो गई। हादसा मंगलवार को हुआ। परिवार ने पायलट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
परिवार के अनुसार, शुभम अपने भाई-बहनों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे। वह ओएनजीसी में कार्यरत थे। पैराग्लाइडिंग में रुचि होने के कारण उन्होंने बिर बिलिंग में इस साहसिक खेल में हिस्सा लिया था।
मंगलवार शाम करीब 4 बजे शुभम ने पायलट विनय कुमार के साथ उड़ान भरी। परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद पैराग्लाइडर का नियंत्रण बिगड़ गया और शुभम कई सौ फुट की ऊंचाई से नीचे गिर गए।
बाद में बिर बिलिंग के पास घाराड़ी धार क्षेत्र के पहाड़ी जंगल से रात में उनका शव बरामद किया गया। शुभम की बहन वंशिका ने बताया कि वे भी उस समय पैराग्लाइडिंग कर रही थीं। उन्होंने अचानक अपने भाई को नीचे गिरते देखा।
परिवार का आरोप है कि शुभम का गोप्रो कैमरा भी नहीं मिला है, जिसमें हादसे का दृश्य रिकॉर्ड हो सकता था। वंशिका ने आरोप लगाया कि पायलट के कैमरे में भी घटना का फुटेज था, लेकिन पायलट ने उसे दिखाने से इनकार कर दिया।
परिवार ने पायलट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की मांग की गई है।