अमृतसर, 13 नवंबर: असम की डिब्रूगढ़ केंद्रीय कारागार में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को उनकी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत मिली है। वह 14 नवंबर को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे।

84 वर्षीय चरण कौर का 8 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिवार ने अमृतपाल सिंह की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताते हुए अदालत से अस्थायी राहत की मांग की थी।

अमृतसर जिला एवं सत्र न्यायालय ने शुक्रवार को अमृतपाल सिंह की याचिका पर सुनवाई के बाद एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की। उनके चाचा हरजीत सिंह को 3 दिन और एक अन्य रिश्तेदार सुखमन सिंह को 2 दिन की अस्थायी जमानत दी गई है।

अमृतपाल सिंह के वकील ने 14 से 17 नवंबर तक 4 दिन की अस्थायी राहत मांगी थी, ताकि वह परिवार के धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकें। हालांकि, अदालत ने उन्हें केवल एक दिन की जमानत दी है।

वकील के अनुसार, अदालत का लिखित आदेश मिलने के बाद जमानत की अवधि में बदलाव के लिए फिर से आवेदन किया जा सकता है। डिब्रूगढ़ से पंजाब तक सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रा के लिए बहुत कम समय मिलने को इसकी वजह बताया गया है।

‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख और खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें अजनाला पुलिस थाने पर हमले से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में डिब्रूगढ़ केंद्रीय कारागार में बंद हैं।